
सिंगरौली । नगर परिषद बरगवां में जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय, एसपी षियाज केएम, नगर परिषद बरगवां की अध्यक्ष प्रमिला बर्मा एवं जनपद पंचायत देवसर के अध्यक्ष प्रणव पाठक उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक एवं कमिश्नर ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
विधायक ने कहा कि जन विश्वास शिविर शासन और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने तथा नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने का प्रभावी माध्यम है। साथ ही कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए।
शिविर में एमएसएमई विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत स्वरोजगार एवं व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यूनियन बैंक के माध्यम से हितग्राहियों को ऋण वितरित किए गए। शिविर में एसडीएम देवसर सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा, एसडीओ सिंगरौली, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, डीईओ कविता त्रिपाठी, उपायुक्त सहकारिता पीके मिश्रा, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग रेखा पांचाल सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
०००००
