उमर ने लोगों को ‘बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’ की खूबसूरती देखने के लिए किया आमंत्रित

श्रीनगर, 23 अक्टूबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि श्रीनगर का पहला विशेष गुलदाउदी उद्यान, ‘बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’, पर्यटकों को फूलों का एक अनूठा आकर्षण प्रदान करेगा जिससे कश्मीर में पर्यटन के मौसम को बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उद्यान का दूसरी बार उद्घाटन करने के बाद श्री अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि इस पहल का उद्देश्य कश्मीर के पर्यटन मौसम की शुरुआत और अंत, दोनों समय के लिए खास आकर्षण तैयार करना है। उन्होंने कहा, “इस उद्यान को विकसित करने के पीछे हमारा प्रयास पर्यटन मौसम को बढ़ावा देना है।” उन्होंने आगे बताया कि पुष्पकृषि विभाग ने ‘बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’ को इसलिए तैयार किया है ताकि पर्यटकों को उस समय एक अनोखा अनुभव मिल सके, जब उनके पास देखने के लिए बहुत कम खास आकर्षण होते हैं।

ज़बरवान पर्वतमाला की गोद में बसा और डल झील के चमकते पानी के नज़ारों वाला, सीढ़ीदार ‘बाग-ए-गुल दाऊद’, श्रीनगर के मशहूर ट्यूलिप गार्डन के बगल में स्थित है।

लोगों को उद्यान में आने का न्योता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं न केवल देश भर के उन लोगों को आमंत्रित करता हूं जो कश्मीर आना चाहते हैं बल्कि उससे भी ज़रूरी बात यह है कि मैं श्रीनगर और आस-पास के इलाकों के अपने लोगों को भी बुलाता हूं कि वे आएं और इस उद्यान की सुंदरता का आनंद लें।” उन्होंने आगंतुकों से तस्वीरें लेने और बगीचे की यादगार यादें संजोने का भी आग्रह किया। पिछले साल इसकी शुरुआत के बाद से हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बगीचे का काफी विकास हुआ है और इसके आकर्षण को और बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा, “आपमें से जो लोग पिछले साल के उद्घाटन के समय मेरे साथ थे और जो लोग इस मौके पर यहां आये हैं उन्होंने खुद देखा होगा कि इस उद्यान ने कितनी तरक्की की है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उद्यान स्थायित्व के लिहाज से भी फायदेमंद है क्योंकि इसमें लगाए जाने वाले पौधों को स्थानीय स्तर पर ही तैयार किया जा सकता है; जबकि ट्यूलिप के मामले में ऐसा नहीं है जिन्हें बार-बार बाहर से मंगाना पड़ता है। उन्होंने कहा, “इस बगीचे का एक बड़ा फायदा यह है कि ट्यूलिप गार्डन के विपरीत, जिसके लिए हमें बार-बार देश के बाहर से बल्ब मंगाने पड़ते हैं, ‘बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’ के लिए पौधे हमारे अपने हैं। हम इन्हें खुद तैयार करते हैं और इनकी संख्या बढ़ाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि सरकार हर साल बगीचे में नये फीचर जोड़ने का प्रयास करेगी ताकि इसका आकर्षण बना रहे और एक पर्यटन स्थल के रूप में इसकी भूमिका और मजबूत हो सके।

बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’ को एक मौसमी फूलों के गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कश्मीर में वसंत ऋतु के मौजूदा पर्यटन आकर्षणों को और बेहतर बनाना है, साथ ही पर्यटकों को ट्यूलिप के मुख्य मौसम के अलावा भी इस क्षेत्र को देखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

Next Post

रातभर महिला के सिरहाने सोता रहा 12 फीट लंबा अजगर

Fri Oct 23 , 2026
रीवा, जिले के सिरमौर से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ वार्ड क्रमांक 11 में रहने वाले मुंशी प्रेमचंद द्विवेदी के घर में एक विशालकाय सांप घुस गया. खौफनाक बात यह रही कि यह सांप रातभर बेडरूम में सो रही एक महिला के सिरहाने डेरा […]

You May Like