वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बीबीसी के खिलाफ 10 अरब डॉलर के मानहानि मुकदमे में 11 दिसंबर तक बयान दर्ज कराने का आदेश दिया है।
ट्रंप को बीबीसी मानहानि मामले में 11 दिसंबर तक बयान देने का आदेश
न्यायाधीश एंजोलिक लेट ने गुरुवार को यह आदेश बीबीसी के वकीलों की उस दलील के बाद दिया, जिसमें श्री ट्रंप पर बयान देने में देरी करने का आरोप लगाया गया था। श्री ट्रंप के वकीलों ने जनवरी 2027 में बयान दर्ज कराने का प्रस्ताव दिया था।
यह मामला छह जनवरी 2021 को श्री ट्रंप के भाषण के संपादित अंशों से जुड़ा है। श्री ट्रंप का आरोप है कि बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री में भाषण के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर भ्रामक प्रस्तुति दी गई, जिससे हिंसा का सीधा आह्वान करने का गलत संदेश गया।
बीबीसी ने बाद में स्वीकार किया था कि संपादन से अनजाने में गलत धारणा बनी। विवाद के कारण उसके दो वरिष्ठ अधिकारियों को इस्तीफा भी देना पड़ा था।
