भोपाल में संविदा बिजलीकर्मियों का प्रदर्शन, 31 अक्टूबर तक नियमितीकरण नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार की चेतावनी

भोपाल। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा में संविदा बिजली अधिकारी-कर्मचारियों ने नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि ऊर्जा विभाग ने संविदा नियमितीकरण योजना-2026 का परिपत्र जारी कर दिया है, लेकिन विभागीय परीक्षा के लिए अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

यूनाइटेड फोरम के अनुसार, योजना के तहत प्रदेश के करीब 5 हजार संविदा अधिकारी-कर्मचारियों को विभागीय परीक्षा के आधार पर नियमित किए जाने का प्रावधान है। ऊर्जा विभाग ने 24 जुलाई 2026 को योजना का परिपत्र जारी किया था और इसके क्रियान्वयन के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके बावजूद नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से कर्मचारियों में असंतोष है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मांग की कि विभागीय परीक्षा की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर नियमितीकरण की कार्रवाई तय समय-सीमा में पूरी की जाए। संगठन ने संबंधित बिजली कंपनी से आवश्यक विज्ञप्ति जारी करने की भी मांग की है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 31 अक्टूबर तक नियमितीकरण के आदेश लागू नहीं हुए, तो वे कार्य बहिष्कार जैसा कदम उठा सकते हैं। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और प्रदेश में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनने की आशंका हो सकती है। अब देखना होगा कि शासन और संबंधित बिजली कंपनियां तय समय-सीमा के भीतर कर्मचारियों की मांग पर क्या कदम उठाती हैं।

.....

Next Post

दीपावली एवं आगामी त्योहारों को लेकर ग्वालियर पुलिस अलर्ट, कार्बाइड गन और अवैध पटाखों पर होगी सख्त कार्रवाई

Thu Oct 22 , 2026
ग्वालियर। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन व पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के पालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने […]

You May Like