दशहरा और दुर्गा विसर्जन को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस

सीहोर। विजयादशमी और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों एवं रावण दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए.

एसपी सक्सेना सबसे पहले टाउन हॉल और सीवन नदी घाट पहुंचीं. यहां उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. घाटों पर सुरक्षा प्रबंध, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर नपा एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए. इसके बाद एसपी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के इंदौर नाका स्थित दशहरा बाग, गंज राठौर पार्क, राधेश्याम मंदिर, बाल विहार और तिलक पार्क में प्रस्तावित रावण दहन स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया. उन्होंने आयोजन स्थलों पर दर्शकों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की.

उन्होंने थाना मंडी क्षेत्र स्थित एमपीईबी रावण दहन स्थल का भी जायजा लिया. यहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रावण दहन के दौरान दर्शकों और पुतले के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी सुनिश्चित की जाए. साथ ही आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था रखी जाए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समय रहते पूरे करने और आयोजन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी के उत्साह और उल्लास के साथ पर्व मना सकें.

 

 

Next Post

विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा होमगार्ड जवान तैनात

Tue Oct 20 , 2026
सीहोर। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के लिए जिला होमगार्ड कमांडेंट द्वारा ड्यूटी लगा गई हैं. मंगलवार से जिले के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के जवानों को बचाव उपकरणों के साथ तैनात किया गया है. शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों […]

You May Like