
नीमच। शेयर बाजार में ट्रेडिंग के टिप्स देकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच और सोशल मीडिया के जरिए निवेश का झांसा… इस तरीके से लोगों के साथ कथित ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नीमच पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और नीमच सिटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 62 एटीएम कार्ड, 9 चेकबुक, 8 पासबुक, 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक मैकबुक, एटीएम स्वैप मशीन, हुंडई कार और 51,500 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराध और फर्जी बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में साइबर सेल और नीमच सिटी थाना पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों तथा एटीएम से नकदी निकासी की लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
फर्जी वेबसाइट बनाकर निवेश के नाम पर ठगी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 222.द्वशठ्ठद्ग4द्दह्म्श2.द्यद्ब1द्ग नाम की वेबसाइट के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फोन कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। उन्हें शेयर बाजार में ट्रेडिंग के टिप्स देने और अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर ठगी की रकम अलग-अलग फर्जी म्यूल बैंक खातों में जमा कराई जाती थी।
जांच में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य अपने और अन्य लोगों के बैंक खातों की किट, जिनमें एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक शामिल थीं, आरोपी अल्केश पंवार को देते थे। पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल कथित ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
बैंक और एटीएम की लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस को 16-17 अक्टूबर 2026 को इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (ढ्ढ4ष्ट) से प्राप्त तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई में सफलता मिली। बैंक और एटीएम बूथों के आसपास से निखिल कुमावत, दीपक मेघवाल और जयंत कुमावत को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर अल्केश पंवार को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और कार जब्त की। मामले में नीमच सिटी थाने पर अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
निखिल कुमावत पिता राधेश्याम कुमावत, निवासी ग्राम कचोली, थाना जीरन।
जयंत कुमावत पिता रमेशचन्द्र कुमावत, निवासी ग्राम कचोली, थाना जीरन।
दीपक मेघवाल पिता राधेश्याम मेघवाल, निवासी ग्राम कचोली, थाना जीरन।
अल्केश पंवार पिता जितेन्द्र पंवार, निवासी स्टार सिटी कॉलोनी, महू रोड, नीमच।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों से 62 एटीएम कार्ड, 9 चेकबुक, 8 पासबुक, 8 मोबाइल फोन, एक एटीएम स्वैप मशीन, एक हुंडई कार, एक लैपटॉप, एक मैकबुक और 51,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के कब्जे से मिले बैंक खातों और दस्तावेजों के संबंध में आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया तथा साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में नीमच सिटी थाना और साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब जब्त बैंक खातों, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर कथित ठगी के नेटवर्क तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
