मालवा की वैष्णोदेवी मां भादवामाता के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

नीमच। शारदीय नवरात्रि में मां भादवामाता की भक्ति का रंग ऐसा चढ़ा है कि आसपास के गांवों से लेकर दूर-दराज के शहरों तक के श्रद्धालु मां के दरबार में शीश नवाने पहुंच रहे हैं। कोई सुख-समृद्धि की कामना लेकर आया है, तो कोई जीवन की परेशानियों से मुक्ति की प्रार्थना कर रहा है। मालवा की वैष्णोदेवी के नाम से विख्यात मां भादवामाता के दरबार में उमड़ती भीड़, भक्तों की आस्था और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा है।

मां भादवामाता के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास पीढिय़ों से जुड़ा हुआ है। मंदसौर जिले के शामगढ़ और जावरा सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने मां की महिमा का बखान किया, वहीं महाराष्ट्र के नासिक से आए उज्ज्वल पवार भी मां के दर्शन कर अभिभूत नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां के दरबार में पहुंचकर मन को शांति मिलती है और वे अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूरी श्रद्धा से प्रार्थना करते हैं। कई भक्त नियमित रूप से यहां दर्शन करने आते हैं।

भादवामाता मंदिर की प्राचीनता, धार्मिक मान्यताएं और यहां की जलधारा श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जुड़ी हैं। भक्त जलधारा को विशेष महत्व देते हैं और मां की कृपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हैं। कुछ श्रद्धालुओं ने यह भी बताया कि विभिन्न बीमारियों से पीडि़त लोग यहां आकर प्रार्थना करते हैं। इन मान्यताओं के बीच मंदिर लोगों के लिए आध्यात्मिक संबल और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

नवरात्रि के अवसर पर मां के दरबार में पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह बता रहा है कि भादवामाता केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मालवा की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक हैं।

Next Post

नीमच पुलिस का बड़ा एक्शन: शिवपुरिया के 4 खेतों में गांजे की खेती पकड़ी

Sun Oct 18 , 2026
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मनासा अनुविभाग के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरिया के दुर्गम पठारी और जंगल क्षेत्र में चार अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के […]

You May Like