सलकनपुर। शारदेय नवरात्रि पर्व की सप्तमी पर शनिवार को देवीधाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. इससे मंदिर आने वाले सभी मार्गों पर जाम के हालात निर्मित होते रहे, वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ मां विजयासन धाम पहुंचे. विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर देश और मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की.
दर्शन के दौरान देवी धाम में धार्मिक आस्था का माहौल रहा. शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर परिसर में मौजूद भाजपा नेताओं से मुलाकात की और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान सलकनपुर में निर्माणाधीन देवलोक परियोजना को लेकर भी बातचीत हुई.
उल्लेखनीय है कि मां विजयासन धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. शारदीय नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. ऐसे में देवलोक परियोजना को लेकर हुई चर्चा को धाम के विकास और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने करोड़ों की लागत से बना रहे देवी लोक के निर्माण का जायजा लिया गया. वही मंदिर में ज्योति के दर्शन भी किए गए.
प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर में मां विंध्यवासिनी बिजासन के दर्शन करने श्रद्धालु चारों ओर से पहुंचे. रोड मार्ग से लगभग पचास हजार, रोपवे से 5 हजार और बाकी श्रद्धालु सीढ़ी मार्ग से पहुंचे. नवरात्रि के चलते सप्तमी को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी देवी धाम दर्शन करने पहुंचे थे. श्रद्धालुओं भी लाखों की संख्या में पहुंचकर मां बिजासन के चरणों में माथा टेका, और यह उपस्थिति लगभग 1 लाख से अधिक पहुंच गई. शनिवार रविवार, रामनवमी एवं दशहरे की चार दिन की छुट्टियां होने के कारण श्रद्धालु देवी धाम सलकनपुर में अधिक संख्या में पहुंचे. देवी धाम में मंदिर रोड पहुंच मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित होती रही जिसको लेकर पुलिस कर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभाली. थोड़ी- थोड़ी गाडिय़ों को 10 से 15 मिनट के अंतराल से गाडिय़ों को निकाला गया. गाडिय़ों के साथ-साथ मंदिर रोड मार्ग से पैदल यात्री भी मंदिर पहुंचे. इस बार निजी वाहन एवं टैक्सियां साथ चलने की वजह से ट्रैफिक अवरुद्ध हो रहा है. वहीं कई पैदल यात्री भी मंदिर रोड से जाने से ड्राइवर को मंदिर तक गाड़ी ले जाने में समस्या का सामना करना पड़ता है.
