भैरुंदा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पिपलानी में शिविर आयोजित किया गया. इसमें कलेक्टर बालागुरू के, एसपी सोनाक्षी सक्सेना व सीईओ सर्जना यादव सहित अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं.प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए. साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई.
कलेक्टर बालागुरू के ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूकता जरूरी है. अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए. उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि कम वर्षा को देखते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना आवश्यक है. किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने तथा उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने पर जोर दिया.
कलेक्टर ने किसानों को कीटनाशकों का सीमित और आवश्यकतानुसार उपयोग करने तथा प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी. शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी दोनों को समान अवसर देकर अच्छी शिक्षा दिलाना चाहिए. शिक्षित बच्चे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए. उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की समझाइश भी दी.
इसी प्रकार सीईओ सर्जना यादव ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और गांव में स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया. शिविर में हितग्राहियों ने योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए. इस अवसर पर देवी सिंह धुर्वे, पर्वत सिंह उइके,कैलाश पटेल, महेश पटेल, एसडीएम सुधीर कुशवाह, जनपद सीईओ विनीत त्रिपाठी,विजय बामकले, आकाश गोयल सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामवासी मौजूद थे.
