चितरंगी : चितरंगी थाना क्षेत्र के व्यस्त हॉस्पिटल चौराहे पर कथित अवैध गांजा बिक्री को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। जहां पुलिस की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े किये जा रहे हैं। वहीं सार्वजनिक और संवेदनशील स्थल पर नशीले पदार्थों की बिक्री के आरोपों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में गांजा बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों और स्थानीय निवासियों के बीच भी इस स्थिति को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। युवाओं पर नशे के बढ़ते प्रभाव की आशंका ने मामले को और गंभीर बना दिया है। लोगों का सवाल है कि जब इस मुद्दे को मीडिया में उठाया जा रहा है और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारी कार्रवाई कब करेंगे? नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वायरल वीडियो की जांच कराने, गांजा बिक्री के आरोपों की सत्यता उजागर करने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
