त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा

इंदौर: त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने वालों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है. इसी कड़ी में इंदौर में 12 और 13 अक्टूबर को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 20 नमूने जांच के लिए लिए गए. कार्रवाई के दौरान रसोई में खाद्य पदार्थ खुले रखने, भंडारण में लापरवाही और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने जैसी कमियां भी सामने आईं.

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शिकायतों के आधार पर रेस्टोरेंट, नमकीन-दूध मिठाई की दुकानों और खाद्य स्टोर का निरीक्षण किया. स्कीम नंबर 78 स्थित द करी किचन में खाद्य पदार्थ खुले रखे मिले. तैयार खाद्य सामग्री पर टैगिंग नहीं थी और डस्टबिन भी खुले पाए गए. कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी. यहां से दाल, आटा, मैदा, लौंग सेव और गुलाब जामुन के पांच नमूने लिए गए. प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है.

मोमोज निर्माण स्थल पर भी पहुंची टीम
पाटनीपुरा स्थित लव यू पिज्जा एंड सैंडविच में मोमोज को लेकर मिली शिकायत पर जांच की गई. संचालक ने मोमोज दूसरी दुकान से खरीदने की जानकारी दी, जिसके बाद संबंधित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया. वहां से पनीर और मैदा के दो तथा रेस्टोरेंट से वेज स्टीम्ड मोमोज का एक नमूना लिया गया. निर्माण में लगे कर्मचारियों को स्वच्छता और मिलावट संबंधी जानकारी भी दी गई. सिलिकॉन सिटी के थ्री झन्नाट कचौरी और झन्नाट कचौरी सेंटर से पांच नमूने, द्वारकापुरी के जयश्री जगदीश्वर नमकीन, स्वीट्स एवं डेयरी से मिठाइयों के दो नमूने तथा निपानिया स्थित स्विन्स्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड से आटे का एक नमूना लिया गया. संबंधित प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से जुड़ी कमियां भी दर्ज की गईं.

नमूनों की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
12 अक्टूबर को ममता फूड्स और आरकेएस राधिका वेफर्स से भी आलू चिप्स, नमकीन और पाम ऑयल के चार नमूने लिए गए. दोनों प्रतिष्ठानों में मेडिकल फिटनेस, खाद्य परीक्षण और पानी की जांच रिपोर्ट से संबंधित कमियां मिलने पर सुधार सूचना जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई. खाद्य विभाग की चलित परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव और लेबल की जांच का प्रशिक्षण भी दिया गया। सभी 20 नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के साथ उच्च स्तरीय बैठक की

Wed Oct 14 , 2026
देहरादून (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास में मंगलवार देर रात तक प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों ( एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) के साथ लगभग चार घंटे लंबी मैराथन उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, जन सुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, […]

You May Like

Play sound