शिवपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में संचालित 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत ग्राम अर्जुनगवां में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी ने की।
ग्राम पंचायत हातौद के अंतर्गत आयोजित शिविर में ग्रामीणों को वाणिज्यिक एवं यौन शोषण पीड़ितों के लिए नालसा विधिक सेवा योजना-2015 तथा एसिड हमले के पीड़ितों के लिए नालसा विधिक सेवा योजना-2016 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस प्रकार की घटना का शिकार होने पर पीड़ित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में हेल्पडेस्क के माध्यम से ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और शासकीय सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में भी बताया गया।
शिविर के आयोजन में पैरालीगल वॉलंटियर संदीप व्यास, रीता बाथम तथा ग्राम पंचायत हातौद के रोजगार सहायक मिलटी सिंह का सक्रिय सहयोग रहा।
