सौसर। शहर के वार्ड क्रमांक 5 में बीती रात एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार का सालभर का अनाज, कपड़े, बर्तन और कीमती दस्तावेज जलकर खाक हो गए। आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि पड़ोसियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
सोते समय अचानक भड़की आग:
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 निवासी रविकांत टाकळखेड़े का परिवार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख पीड़ित परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पड़ोसियों ने बचाई जान
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घर में फंसे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
साल भर का राशन और जरूरी कागजात खाक
आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर के भीतर रखा गेहूं, चावल, दाल समेत पूरे साल भर का अनाज जलकर पूरी तरह राख हो गया। इसके अलावा घर का फर्नीचर, कपड़े, बर्तन और महत्वपूर्ण कागजात भी जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, इस अग्निकांड में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम द्वारा नुकसान के आकलन की कार्रवाई की जा रही है।
