इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर और मालवा क्षेत्र पर्यटन, व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। ऐसे में ताज विवांता 5-स्टार होटल जैसी आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए इंदौर की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।
ताज विवांता 5-स्टार होटल के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन के नजदीक होने के कारण इंदौर सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र रहेगा। व्यापारिक बैठकों, कॉरपोरेट गतिविधियों और पर्यटन के विस्तार के लिए बेहतर होटल सुविधाएं समय की जरूरत हैं।
मुख्यमंत्री ने मयंक भदौरिया को बधाई देते हुए कहा कि निजी निवेश से प्रदेश में सुविधाओं का विस्तार होता है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इंदौर अब मालवा के प्रमुख कारोबारी केंद्र के साथ मेट्रोपॉलिटन शहर के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए कहा कि अहिल्या की नगरी में ताज विवांता जैसे 5-स्टार होटल की सुविधा शहर की बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और भविष्य की जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मधु वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
