आरपीएफ की सतर्कता से अपराधियों पर शिकंजा

जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से सितंबर में अपराधों पर कार्रवाई के साथ यात्रियों के छूटे सामान की सुरक्षित वापसी का सिलसिला जारी रहा। 14 सितंबर को बनखेड़ी स्टेशन पर अवैध टिकट कारोबार करते चेन सिंह बैलवंशी को पकड़कर रेलवे अधिनियम की धारा 143 में कार्रवाई की गई। 14 सितंबर को ही घटेरा स्टेशन पर ट्रेन 11601 से अर्जुन सिंह को 27 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया। 15 सितंबर को कटनी स्टेशन पर यात्री का बैग चोरी करने का प्रयास कर रहे 18 वर्षीय नीलेश बर्मन को पकड़ा गया। 17 सितंबर को जबलपुर में सघन चेकिंग के दौरान अपराधी कृष्ण दुबे और हर्ष बर्मन चार चोरी के मोबाइल के साथ पकड़े गए, जिनकी कीमत करीब 69 हजार रुपए थी। दोनों के पूर्व रिकॉर्ड में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के पांच प्रकरण भी सामने आए। 18 सितंबर को दमोह-सागर के बीच ट्रेन 22181 में सौरभ अहिरवार को धारदार चाकू और दो हजार रुपए नकद के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बांदकपुर स्टेशन पर स्नैचिंग की वारदात कबूल की।

यात्रियों को लौटाया सामान 

आरपीएफ ने यात्रियों के छूटे सामान को भी सुरक्षित वापस पहुंचाया। 16 सितंबर को ट्रेन 11753 से सतना में छूटा पिट्ठू बैग बरामद कर वीर अभिमन्यु सिंह को लौटाया गया, जिसमें करीब दो हजार रुपए का सामान था। 18 सितंबर को 139 पर सूचना मिलने के बाद चित्रकूट एक्सप्रेस में गिरा करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल बरामद कर यात्री को सौंपा गया। 19 सितंबर को ट्रेन 22168 से कटनी में उतारा गया यात्री अंकित शर्मा का बैग, जिसमें करीब पांच हजार रुपए का सामान था, 20 सितंबर को सत्यापन के बाद लौटाया गया। इसी तरह ट्रेन 11082 से बरामद करीब 10 हजार रुपए का मोबाइल यात्री करण जायसवाल को सौंपा गया। 11 सितंबर को ट्रेन 11753 में छूटा दवाइयों से भरा बैग रीवा में बरामद हुआ, जिसे 19 सितंबर को यात्री के भतीजे आयुष नामदेव को सत्यापन के बाद सुपुर्द किया गया।

लगातार रखी जा रही है नज़र

कटनी स्टेशन पर आरपीएफ ने लावारिस हालत में मिली 42 वर्षीय ललिता देवी को भी परिजनों से मिलाया। महिला आरक्षक निकिता यादव ने महिला को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पाया था, जिसके बाद परिजनों से संपर्क कर पहचान की गई और 20 सितंबर को आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। जबलपुर मंडल में आरपीएफ द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है।

Next Post

एसआईआर प्रक्रिया का निष्पक्ष एजेंसी से ऑडिट हो- देवेन्द्र

Wed Sep 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बुधवार को चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का निष्पक्ष एजेंसी से ऑडिट कराने की मांग की। श्री यादव ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया में पारदर्शिता और समानता के बजाय दिल्ली को वीआईपी और झुग्गी-झोपड़ी, जे.जे. […]

You May Like