श्री सीमेंट ने यूएई संयंत्र में शुरू किया उत्पादन

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) प्रमुख भारतीय सीमेंट कंपनी श्री सीमेंट लिमिटेड ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रस अल खैमा में 30 लाख टन सालाना क्षमता वाली अपनी सीमेंट ग्राइंडिंग इकाई में उत्पादन शुरू कर दिया है।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि यह नयी इकाई कंपनी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार में एक अहम पड़ाव है। इससे यूएई में उसकी विनिर्माण क्षमता और मौजूदगी मजबूत होगी। कंपनी ने अपनी इकाई यूनियन सीमेंट कंपनी के माध्यम से इस संयंत्र में 11.5 करोड़ अमीराती दिरहम का निवेश किया है। श्री सीमेंट की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस इकाई में एकीकृत ग्राइंडिंग और सेपरेशन सिस्टम, मटीरियल हैंडलिंग के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा और अत्याधुनिक डस्ट कलेक्शन सिस्टम जैसी खूबियां हैं। इस प्रौद्योगिकी को ग्राइंडिंग की क्षमता बढ़ाने, परिचालन में बेहतर भरोसा हासिल करने और ऊर्जा दक्ष सीमेंट उत्पादन में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है।

नयी इकाई की शुरुआत के मौके पर श्री सीमेंट के अध्यक्ष एच. एम. बांगुर ने कहा, ” 30 लाख टन क्षमता वाली इकाई का शुरू होना कंपनी की वैश्विक विकास यात्रा में एक अहम पड़ाव है। इसके जुड़ने से यूएई में हमारी सीमेंट विनिर्माण क्षमता 40 लाख टन से बढ़कर 70 लाख टन सालाना हो गई है। हमारी वैश्विक क्षमता 763 लाख टन सालाना तक पहुंच गई है। हमने हमेशा अपनी विनिर्माण पहुंच को बढ़ाने, आधुनिक प्रौद्योगिकी में निवेश करने और परिचालन क्षमता को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया है।” कंपनी ने बताया कि स्वच्छ ऊर्जा पर लगातार अपना फोकस बढ़ा रही है, जो नई इकाई में भी परिलक्षित होता है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी की कुल ऊर्जा खपत में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 66 प्रतिशत थी। कंपनी ने कुछ चुनिंदा जगहों पर परीक्षण के लिए बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम का छोटे स्तर पर इस्तेमाल भी शुरू किया है। बाद में इसका विस्तार किया जाएगा। गंदे पानी को साफ करके संयंत्रों के अंदर ही इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही ड्राई-प्रोसेस सीमेंट विनिर्माण को अपनाने से पानी बचाने में मदद मिलती है।

.....

Next Post

सौंसर में करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन: सांसद बंटी साहू बोले—नगरीय विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

Tue Oct 13 , 2026
सौंसर: नगर विकास को नई गति देते हुए मंगलवार को नगर में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन सांसद बंटी साहू के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। ​सिविल लाइन स्थित जैन मंदिर के समीप आयोजित गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी […]

You May Like