ग्वालियर। समलैंगिक डेटिंग ऐप के जरिए युवक से दोस्ती कर उसे होटल में बुलाने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर युवक को न्यूड किया, उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 1.38 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने इस मामले में मुरैना निवासी दो आरोपितों हरिभान गुर्जर और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान सुरेश (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। उसकी शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर को ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए राहुल नाम के युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। राहुल ने उसे ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित होटल गोल्डन लीफ में मिलने के लिए बुलाया।आरोप है कि युवक के होटल पहुंचने के बाद वहां कुछ अन्य लोग आ गए। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और युवक का न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। आरोपितों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि रुपये नहीं देने पर उसे गलत गतिविधियों के मामले में फंसाकर क्राइम ब्रांच में केस दर्ज करा देंगे।
पांच लाख रुपये मांगे, धमकाकर वसूले 1.38 लाख
आरोपितों ने युवक को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। शुरुआत में उससे आठ हजार रुपये नकद लिए गए। इसके बाद फोन-पे के जरिए तीन बार में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए गए। आरोपितों ने उसका एटीएम कार्ड भी ले लिया और कथित तौर पर 30 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर एटीएम का पासवर्ड भी पूछ लिया। इसके बाद 70 हजार रुपये और मांगे गए। रकम जुटाने के लिए पीड़ित ने अपनी एक दोस्त को फोन किया। दोस्त ने सिरोल स्थित अपनी बहन के घर से रुपये दिलवाए। अतिरिक्त रकम लेने के लिए आरोपित क्रेटा कार से युवक को सिरोल ले गए। वहां से रुपये लेने के बाद उसे छोड़ दिया गया। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने कुल 1.38 लाख रुपये वसूले।
दो गिरफ्तार, पुराने मामलों के एंगल से भी पूछताछ
ग्वालियर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरिभान गुर्जर और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है, जिनके बारे में बताया गया है कि वे गिरफ्तार आरोपितों के रिश्तेदार हैं। आशंका है कि आरोपित पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। इसी बिंदु पर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
