ग्वालियर: भारत संचार निगम लिमिटेड कार्यालय, प्रधान महाप्रबंधक बिजनेस एरिया ग्वालियर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। केन्द्रीय सतर्कता आयोग एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी बीएसएनएल दिल्ली के दिशा निर्देशानुसार हर वर्ष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है।
उप मंडल अभियंता सतर्कता उमेश कुमार आर्य ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सतर्कता शपथ के साथ होगा, जिसे प्रधान महाप्रबंधक दूरसंचार बिजनेस एरिया ग्वालियर, राजेश कुमार द्वारा दिलाया जाएगा। बीएसएनएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। सप्ताह भर विभिन्न कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बीएसएनएल के विभिन्न कार्यालयों और दूरभाष केंद्रों पर बैनर व पैम्पलेट लगाए गए हैं। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन 1 नवंबर को होगा।
