छोटे व्यापारियों पर सख्ती, बड़े प्रतिष्ठानों पर मेहरबानी

सतना: जिले में दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक चरम पर है और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा हुआ है. त्योहारी सीजन में मावे की भारी खपत का फायदा उठाकर मुनाफाखोर नकली व सिंथेटिक मावा खपाने की फिराक में सक्रिय हो गए हैं. जिससे आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है.
बाजार में मिलावट के बढ़ते अंदेशे के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली भी गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि विभाग केवल छोटे दुकानदारों और पटरी पर कारोबार करने वालों पर कार्रवाई का डंडा चलाकर अपनी पीठ थपथपा रहा है. जबकि रसूखदार बड़े प्रतिष्ठानों पर जांच के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है. जहां से सबसे ज्यादा मात्रा में मिठाइयों की बिक्री होती है. उन बड़े ठिकानों पर ढिलाई बरते जाने से विभागीय निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं.
कार्रवाई में पक्षपात के इन आरोपों को लेकर जब खाद्य सुरक्षा निरीक्षक सीमा सिंह से संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका. वहीं दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा निरीक्षक अभिषेक बिहारी गौर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि त्योहार को देखते हुए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने बताया कि उनकी बीट में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत खोवा मंडी, अपना स्वीट्स और मझगवां सहित धवारी चौक स्थित कई दुकानों व निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर नमूने जांचे जा रहे हैं तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि त्योहार की खुशियों को सुरक्षित रखने के लिए उपभोक्ताओं को भी सतर्क रहना होगा. सस्ती मिठाई के लालच में गुणवत्ता से समझौता करने के बजाय साफ-सुथरी दुकानों से ही खरीदारी करें. खुले में रखी मिठाइयों के बजाय सुरक्षित रखी गई सामग्री को प्राथमिकता दें और पैक्ड मिठाई खरीदते समय निर्माण तिथि, एक्सपायरी तथा बिल अवश्य लें. किसी भी तरह की मिलावट की आशंका होने पर मिठाई का सेवन न करें और इसकी सीधी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से करें ताकि पर्व की मिठास किसी की सेहत के लिए परेशानी का सबब न बने

Next Post

सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी की गोली लगने से मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Sun Oct 25 , 2026
सतना : सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुईं दीपमाला सिंह (50) का रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया. मृतका रीवा में पदस्थ जिला सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र […]

You May Like