
शाजापुर, जून की चिलचिलाती गर्मी बर्दाश्त कर रहे शहरवासियों पर शाम होते ही नगर का मौसम मेहरबान हो रहा है. बुधवार को भी दिनभर तपने के बाद नगर में हल्की बारिश से ठंडक घुल गई थी. गुरूवार को भी मौसम के यही हाल रहे और शाम को नगर में रूक रूककर बारिश होती रही जिससे मौसम में ठंडक घुल गई. इन दिनों नगर में प्री मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके चलते नगर में शाम को मौसम बदल रहा है और बारिश हो रही है.दो दिनों से मौसम के यही हाल हैं. गुरूवार को भी सुबह से दोपहर तक आसमान साफ था और धूप खिली हुई थी. शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और आसमान पर बादल छा गए, तेज हवाओं के साथ कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई. जिससे बचने के लिए लोगों को छाते लेकर निकलना पड़ा. इसके कुछ देर बाद बारिश थम गईए लेकिन कुछ देर बाद शुरू हुई आंधी के साथ एक बार फिर बादल बरस पड़े, जिसके चलते करीब आधे घंटे तक नगर में हल्की बारिश होती रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि गुरूवार को नगर का अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 24.4 दर्ज किया गया. इस दिन आद्रता 49 प्रतिशत दर्ज की गई और उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति 14 किमी दर्ज की गई, उन्होंने बताया कि कुछ दिनो तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और शाम को बारिश की संभावना बनी हुई है, इस दौरान तेज आंधी भी चल सकती है.
मानसून के लिए नगरवासी कर रहे इंतजार
प्री मानसून गतिविधियां भले ही लोगों को राहत दे रही हैं, लेकिन नगरवासियों को अब मानसूनी बारिश का इंतजार है. किसानों की माने तो प्री मानसून गतिविधियों के तहत हो रही इस बारिश से जमीन में नमी लौटेगी और बोवनी में काफी मदद भी मिलेगी. लेकिन उन्हें भी मानसूनी बारिश का इंतजार है ताकि पर्याप्त वर्षा होने की स्थिति में वे बोवनी के कार्य की शुरूआत कर सकें.
