सतना: नगर पालिक निगम सतना द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर 2026 का रविवार को नई बस्ती में सफलतापूर्वक समापन हुआ। अंतिम दिवस के शिविर में 596 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 570 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की गई।शेष प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त आवेदनों में पेंशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे।
डॉ. शेर सिंह मीना,आयुक्त नगर पालिक निगम सतना के निर्देशन एवं उपायुक्त सत्यम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया भी पूर्ण कराई गई।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य गोपी गेलानी एवं समाजसेवी अजय सिंह ‘मिंटू’ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में जोनल अधिकारी आकाश बट्टी (जोन-4) एवं मनीष वर्मा (जोन-5) सहित नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
