
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत गुप्तेश्वर में पत्नी ने अपने ही पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई और घटना स्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। हत्या का प्रकरण दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गोरखपुर गुप्तेश्वर निवासी नितिन जायसवाल 35 वर्षीय का पत्नी संगीता जायसवाल 29 वर्षीय और 4 साल के मासूम बेटे के साथ निवास करता था। दंपत्ति की एक बड़ी बेटी भी है, जो वर्तमान में अपनी नानी के घर रह रही थी। पति और पत्नी दोनों ही शराब पीने के अत्यधिक आदी थे। शराब के इसी नशे के चलते घर में आए दिन विवाद और मारपीट होना आम बात हो चुकी थी। हमेशा की तरह रविवार को भी दोनों ने शराब का सेवन किया, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते इस मामूली से विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। नशे की हालत में संगीता के सिर पर खून सवार हो गया और उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली। इससे पहले कि नितिन कुछ समझ पाता या अपना बचाव कर पाता, संगीता ने कुल्हाड़ी से सीधे उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना भयानक था कि नितिन का सिर बुरी तरह कट गया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना के वक्त 4 साल का मासूम बेटा घर में ही मौजूद था, जिसके सामने उसकी माँ ने ही उसके पिता की जान ले ली। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी महिला संगीता जायसवाल को कुल्हाड़ी समेत हिरासत में ले लिया गया है। प्राथमिक जांच में हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ पारिवारिक विवाद सामने आई है।
