
जबलपुर। संस्कारधानी में ध्वनि प्रदूषण फैलाते हुए तय नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले के खिलाफ मदनमहल पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। देर रात पुलिस ने महानद्दा रोड स्थित खालसा कॉलेज के सामने दबिश देकर 12 साउंड बॉक्स सिस्टम, एम्पलीफायर और डीजे लोड एक मिनी ट्रक को जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टीआई उमेश यादव के अनुसार, रविवार की रात पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महानद्दा रोड पर खालसा कॉलेज के ठीक सामने एक मिनी लोडिंग ट्रक में बेहद तेज और कानफोड़ू आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। तेज आवाज के कारण न सिर्फ आसपास रहने वाले नागरिक परेशान हो रहे थे, बल्कि वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश दी। पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो मिनी लोडिंग ट्रक क्रमांक एमपी 13 जेड एन 7811 में लगे साउण्ड बाक्स पूरी क्षमता के साथ तेज आवाज में बजते हुए मिले। पुलिस ने तुरंत डीजे बंद करवाया और वाहन चालक रोहित सिंह ठाकुर (26), निवासी ग्राम पिपरिया कला, थाना बेलखेड़ा से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि यह मिनी ट्रक उसी का है। जब पुलिस टीम ने उससे देर रात इतनी तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने की प्रशासनिक अनुमति के दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी वैध अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से मिनी लोडिंग ट्रक, 2 बड़े साइज के साउण्ड बाक्स, 10 अन्य साउण्ड बाक्स, 1 भारी क्षमता का एम्पलीफायर जब्त किया।
