झोलाछाप की लापरवाही ने ली थी युवक की जान, एफआईआर दर्ज

जबलपुर:कटंगी अंतर्गत बेलखाड़ू स्थित अश्वनी अस्पताल में बिना डिग्री के डॉक्टर बनकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले एक झोलाछाप की लापरवाही ने युवक की जान ली थी। जांच में पता चला कि गलत इलाज और 9 इंजेक्शन लगाने के साथ मृतक को एक्सपायरी डेट की ड्रिप चढ़ाई गई थी। पुलिस ने आरोपी इलाजकर्ता सतीश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक पुरानी बेलखाड़ू भट्ठा मोहल्ला निवासी समीर चौधरी ने पुलिस को बताया कि 2 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 11:30 बजे उनके छोटे भाई शेखर चौधरी 18 वर्ष निवासी बेलखाड़ू के पेट में अचानक दर्द उठा। परिजन उसे तत्काल मालबाबा मंदिर खैरी के सामने स्थित अश्वनी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां मौजूद सतीश साहू ने शेखर का इलाज शुरू किया। परिजनों के मुताबिक, रात से लेकर सुबह 4:30 बजे तक सतीश ने शेखर को हाथ और कमर में करीब नौ इंजेक्शन लगाए। कुछ आराम मिलने पर परिजन उसे घर ले आए। लेकिन सुबह 8 बजे अचानक शेखर के हाथ-पैर में तेज जलन और पेट दर्द दोबारा शुरू हो गया था। परिजन उसे फिर अस्पताल भागे, जहाँ सतीश ने उसे एक और इंजेक्शन देकर बोतल चढ़ाई। इसके ठीक आधे घंटे बाद, सुबह 9:45 बजे शेखर ने दम तोड़ दिया था।

एक्सपायर हो चुकी थी बोतल
शेखर की मौत के बाद जब बिलखते परिजनों ने अस्पताल में चढ़ाई जा रही आधी भरी बोतल को देखा, तो उनके होश उड़ गए। बोतल पर मैन्युफैक्चरिंग डेट 12/2023 और एक्सपायरी डेट 11/2025 लिखी थी। यानी जो दवा युवक की नस में उतारी जा रही थी, वह करीब एक साल पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी। परिजनों ने तुरंत इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी थी।

सीसीटीवी ने खोली पोल, डॉक्टर मैडम थी गायब, झोलाछापकर रहा था इलाज
अश्वनी अस्पताल कागजों पर डॉ. सरिता साहू के नाम पर संचालित है। लेकिन जब पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर जब्त कर फुटेज खंगाले, तो सच सामने आया। पूरे इलाज के दौरान मुख्य डॉक्टर सरिता साहू अस्पताल में मौजूद ही नहीं थीं।युवक को सारे इंजेक्शन और एक्सपायरी बोतल सतीश साहू अकेले ही लगा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। बीएमओ पनागर डॉ. श्रीपति मिश्रा ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि इलाज करने वाले सतीश साहू के पास चिकित्सा कार्य करने संबंधी कोई भी वैध डिग्री या डिप्लोमा नहीं है। अस्पताल को तत्काल प्रभाव से शीलबंद कर दिया गया था।

मर्ग जांच के बाद हुई है कायमी
पुलिस ने आधी भरी हुई एक्सपायरी ड्रिप बोतल मय सुई और ड्रिप सेट, पेंटोप्राजोल इंजेक्शन की खाली शीशी व रैपर, सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर जब्त कर ली है। पुलिस ने मर्ग जांच पर अब इलाजकर्ता झोलाछाप सतीश साहू 28 वर्ष निवासी अश्वनी अस्पताल मालबाबा मंदिर के सामने कटंगी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस का अपराध दर्ज किया है।

Next Post

अराजकतावादी समूह कर रहे हैं देश को अस्थिर करने की कोशिश, देश की जनता, भाजपा कार्यकर्ता इसे करेंगे विफलः नवीन

Sat Oct 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘इंडिया गठबंधन’ और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को अराजकता वादी समूह बताते हुए उन पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है और कहा है कि देश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता उनकी […]

You May Like

Play sound