
सीधी। जिले के इकलौते सीमेंट प्लांट मझिगवां के द्वारा बाहर से लाने वाले कचरे की बदबू से ग्रामीण जन काफी परेशान हैं और बीमार हो रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था कंपनी द्वारा नहीं की जा रही है। युवाओं को रोजगार देने का जो वादा किया गया था उसका पालन कंपनी प्रबंधन नहीं कर रही है। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा, समाजसेवी अखिलेश पाण्डेय के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण जन कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर 15 दिवस के अंदर समस्या का समाधान करने की मांग किए हैं। 15 दिन के अंदर यदि उक्त समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन व कंपनी प्रबंधन द्वारा नहीं किया गया तो ग्रामीण जन वृहद आंदोलन करेंगे।
मीडिया से चर्चा करते हुए जनपद सदस्य महेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सीमेंट प्लांट के माइंस क्षेत्र मझिगवां अन्तर्गत ग्राम पटना की आदिवासी बस्ती तथा बुढग़ौना माइंस आने के कारण हरिजन आदिवासी बस्ती ना तो विस्थापित किया जा रहा है और ना ही मांइस को समाप्त कराया जा रहा है। बस्ती की आबादी भूमि में जो लीज पट्टा दिया गया उसको निरस्त कराया जाये। सीमेंट प्लांट प्रबंधन द्वारा क्लिंकर की सप्ताई रेलवे से ग्राम नैकिन की जा रही है। उक्त कार्य में परिवहन कार्य को बाहरी ट्रांसपोर्टरों से कराया जा रहा है। जबकि स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को क्लिंटर सप्लाई का कार्य नही दिया जा रहा है। भारी वाहनों के आने जाने से नैकिन पहुंच मार्ग को क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को नैकिन तक क्लिंकर की सप्लाई दिलाई जाये आदि 10 प्रमुख मांगें ज्ञापन में दी गई हैं।
