
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) के 18 वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी दीर्घ सेवाओं और अनुभव के आधार पर उच्च वेतनमान प्रदान करने की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में लिए गए इस निर्णय के तहत सात अधिकारियों को सुपर टाइम स्केल और 11 अधिकारियों को वरिष्ठ चयन वेतनमान का लाभ मिलेगा।
इस संबंध में वल्लभ भवन स्थित गृह विभाग में आयोजित विभागीय स्क्रीनिंग समिति की उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों की पात्रता और सेवाकाल की समीक्षा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
वर्ष 2001 बैच तक के सात अधिकारियों को छठे वेतन आयोग के तहत 37,400 से 67,000 रुपये वेतनमान और 8,900 रुपये ग्रेड पे के साथ सुपर टाइम स्केल दिया गया है। इनमें अजय प्रताप सिंह, घनश्याम मालवीय, इरमीन शाह, अरविंद कुमार दुबे, अमरेन्द्र सिंह, आशीष खरे और उमेश कुमार शर्मा शामिल हैं।
वहीं, वर्ष 2006 बैच तक के 11 अधिकारियों को 37,400 से 67,000 रुपये वेतनमान और 8,700 रुपये ग्रेड पे के साथ वरिष्ठ चयन वेतनमान की स्वीकृति दी गई है। इनमें परमिंदर सिंह सैनी, नवीन कुमार चौधरी, अखिलेश सिंह रेनवाल, अभिषेक दीवान, डॉ. संजीव कुमार उइके, शिवकुमार सिंह, अंतर सिंह कनेश, नवल सिंह सिसोदिया, ज्योति ठाकुर, सुनीता रावत और बालमुकुंद शाक्य शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, इस निर्णय से अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा तथा प्रशासनिक दक्षता, कानून-व्यवस्था और जनोन्मुखी पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।
