
परासिया । मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना में निष्पादक बनने के विरोध में पटवारी संघ का आंदोलन तेज हो गया है। प्रांतीय इकाई के निर्देश पर तहसील परासिया के समस्त पटवारियों ने आज से राजस्व कार्यों से विरत होकर कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है और तहसीलदार कार्यालय में बस्ता जमा करा दिया है।
संघ का कहना है कि देवास सहित आगर-मालवा, शाजापुर, मंदसौर, नीमच और छिंदवाड़ा में पटवारियों पर हुई दंडात्मक कार्यवाही के विरोध में यह कदम उठाया गया है। दिए गए ज्ञापन में पहले ही चेतावनी दी गई थी कि किसी भी जिले में कार्रवाई होने पर बिना सूचना हड़ताल की जाएगी।
गौरतलब है कि छिंदवाड़ा कलेक्टर ने स्वामित्व योजना में लापरवाही पर 11 नियमित पटवारियों को सस्पेंड और 32 प्रोविजनल पटवारियों को बर्खास्तगी का नोटिस जारी किया है। इसके विरोध में प्रदेश भर में पटवारी आंदोलन पर हैं।
हड़ताल से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ई-केवाईसी जैसे राजस्व कार्य प्रभावित होंगे।
महिला पटवारी की हालत बिगड़ी
राजस्व निरीक्षक कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना को लेकर चल रही बैठक के दौरान एक महिला पटवारी की हालत बिगड़ गई। आनन फानन में साथी पटवारी द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। खबर है कि काम के बढ़ते दबाव और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर आए दिन पटवारी के खिलाफ की जा रही दंडात्मक कार्रवाई को लेकर फ्रेशर पटवारी सकते में है।महिला पटवारी की हालत बिगड़ने के पीछे उसी को कारण माना जा रहा है। हालांकि प्राथमिक जांच के बाद महिला की अस्पताल में छुट्टी कर दी गई जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
