भोपाल: हबीबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक और 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के शव एक ही मकान में फंदे पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान 19 वर्षीय अमन गाह के रूप में हुई है, जो भोपाल में चाइनीज फूड का ठेला लगाता था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे से शराब की खाली बोतल मिलने की जानकारी भी सामने आई है। घटना से पहले युवक ने अपने एक दोस्त को संदेश भेजा था। रात करीब आठ बजे दोस्त मौके पर पहुंचा, जहां दोनों के शव मिले। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हबीबगंज पुलिस परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
