वाशिंगटन, 08 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर कोई हमला नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ “रचनात्मक बातचीत” जारी है।
श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि ईरान आर्थिक और सैन्य रूप से “बहुत खराब स्थिति” में है और उसके खिलाफ नाकाबंदी पूरी तरह प्रभावी रहेगी।
उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से रिकॉर्ड मात्रा में तेल गुजर रहा है। उनके अनुसार, अकेले पिछली रात 2.2 करोड़ बैरल तेल जलडमरूमध्य से गुजरा और इसमें एक भी बैरल ईरान से नहीं आया या ईरान नहीं गया।
श्री ट्रंप ने कहा, “हम अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले किसी भी समय ईरान पर हमला नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।
श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच रचनात्मक बातचीत जारी है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
