
जबलपुर । पूर्व संभाग अंतर्गत शहर के सर्वाधिक लाईन बिजली चोरी वाले क्षेत्र चांदनी चौक, पसियाना, बहोराबाग, मदारटेकरी, स्लास्टर हाउस, चारखम्बा, मोतीनाला आदि क्षेत्रों में आज एक विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी करते पाये गये कुछ घण्टों में ही 150 उपभोक्ताओं पर विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किये गये। हालांकि यह अभियान पूरी तरह से तकनीकी तौर पर समीक्षा करने के उपरांत चिहिन्त व्यक्तियों पर चलाए जाने की व्यापक तैयारी की गई थी परंतु अधिकारियों ने चैकिंग के दौरान यह पाया गया कि क्षेत्र में बड़ी तादात में स्मार्ट मीटर लग जाने के बावजूद भी लोगों द्वारा स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी की जा रही थी। साथ ही यह पाया गया कि क्षेत्र में न केवल मध्यम बल्कि बड़े बड़े घरों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई।
कार्यवाही का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा स्वयं कर रहे थे तथा कार्यवाही में जेसू पॉवर हाउस के कार्यपालन अभियंता हरीश गुप्ता सहित शहर के 12 कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंताओं ने दल-बदल सहित कार्यवाही को अंजाम दिया। हालाकि जिन क्षेत्रों में चेकिंग की गई वहां एक-दो स्थान पर कुछ लोगों द्वारा हंगामा करने की कोशिश की गई परंतु विभाग द्वारा अपने दल में महिला अधिकारी, कर्मचारी भी शामिल किये जाने एवं अधिकारियों का सख्त रुख देखते हुए उनका अकारण विरोध ज्यादा देर नहीं टिक सका तथा देर शाम तक विभाग ने कार्यवाही जारी रखी। सभी पंचानामों के विरूद्ध तत्काल बिलिंग कर चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं को लगभग 15 लाख रूपये से अधिक की दाण्डिक राशि के अनंतिम निर्धारण आदेश भी जारी किए गए। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा द्वारा बताया गया कि यह कार्यवाही आने वाले दिनों में भी जारी रखी जायेगी तथा इसबार विशेष रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जारी अनंतिम निर्धारण आदेश के 30 दिन की अवधि के अंदर अगर बिजली चोरी की राशि जमा नहीं की जाती तो ऐसे व्यक्तियों को तत्काल परिवाद पूर्व सूचना देकर प्रकरण न्यायालय में बिना देरी किये दर्ज किये जाएंगे।
