
बैतूल। शहर के माचना पुल के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 42 वर्षीय किसान की मौत हो गई। यह घटना गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंबा नंबर 852/25 के पास हुई। मृतक की पहचान गंज थाना क्षेत्र के ग्राम बाजपुर निवासी नंदकिशोर दहिकर (42) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर दहिकर शुक्रवार रात घर पर खाना खाने के बाद बाहर निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच, रेलवे कर्मचारियों ने माचना पुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना गंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे जिला अस्पताल भिजवाया। पहचान न होने के कारण शव को जिला अस्पताल के फ्रीजर में रखा गया और परिजनों की तलाश शुरू की गई। रविवार सुबह नंदकिशोर दहिकर के परिजन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गंज थाने पहुंचे। इसके बाद शव की पहचान नंदकिशोर दहिकर के रूप में हो सकी। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, मृतक की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नंदकिशोर रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे और किस ट्रेन की चपेट में आए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
