
धार। वर्षों की जद्दोजहद और संघर्ष के बाद मंगलवार का दिन आदिवासी अंचल के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही वडोदरा से बटन दबाया, धार जिले के टांडा रोड स्टेशन से रेल दौड़ पड़ी। वहीं केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।आजादी के बाद पहली बार आदिवासी अंचल में ट्रेन देख जन समुदाय हर्ष से उछल पड़ा। गंधवानी क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन से वडोदरा (प्रतापनगर) के लिए मेमू ट्रेन सेवा का नियमित शुभारंभ भी इसी के साथ हो गया।
एक भव्य समारोह में टांडा रोड स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने 12 कोच वाली मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। लोकार्पण समारोह की वंदे मातरम् से शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल उद्घाटन करते ही रेल सेवा से आदिवासी अंचल की गुजरात से सीधे कनेक्टिविटी हो गई। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद रहे।
भाजपा जनजातीय बंधुओं के साथ
टांडा रोड स्टेशन पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचल में विकास की नई गंगा बह रही है। रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का विस्तार नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और समृद्धि के नए द्वार खोलने का माध्यम है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। मंत्री सावित्री ठाकुर ने आगे कहा कि रेल मध्य प्रदेश और गुजरात को जोड़ने के लिए सेतु का कार्य करेगी। ऐसी जगह जहां कोई आता-जाता नहीं था, वहां आदिवासी अंचल में प्रधानमंत्री ने ट्रेन चलाकर बहुत बड़ी सौगात दी है।
आलीराजपुर के डेकाकुंड स्टेशन का भी शुभारंभ
उधर, अलीराजपुर के डेकाकुंड रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल शुभारंभ किया गया। क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी शुरू होने से न सिर्फ लोगों का आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार रोजगार शिक्षा स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को विकास में गति देने के लिए यह मील का पत्थर साबित होगी।
