
उज्जैन। पीपलीनाका से मंगलनाथ गढ़ कालिका जाने वाली सडक़ पर स्कूली बच्चे राहगीर और वाहन चालक निकलते हैं तो परेशानी का सामना करते हैं। सडक़ निर्माण चल रहा है ऐसे में वहां पर एक बड़ा गड्ढा तालाब का रूप ले चुका है। क्षेत्र के बीजेपी पार्षद ने अधिकारियों को फोन लगाया, ना तो समाधान हुआ ना अधिकारियों ने फोन उठाएं इसके बाद पार्षद धरने पर बैठ गए।
शहर में सीवरेज की बिगड़ी व्यवस्था और सडक़ों पर जमा गंदे पानी को लेकर भाजपा पार्षद का गुस्सा आखिरकार सडक़ पर फूट पड़ा। वार्ड में लगातार बनी जलभराव की समस्या से नाराज वार्ड नंबर 2 के पार्षद हेमंत भुरु गेहलोत सीवरेज के गंदे पानी में उतर गए और वहीं बैठकर विरोध जताया। पार्षद के इस अंदाज ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
पार्षद ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में सीवरेज का पानी सडक़ों पर बह रहा है। कई दिनों से रहवासी परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज की समस्या के कारण सडक़ पर लगातार गंदा पानी जमा रहता है। इससे आवागमन तो प्रभावित हो ही रहा है, साथ ही गंदगी और बदबू से भी लोग परेशान हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खास बात यह रही कि बीजेपी पार्षद ने अपनी ही सरकार की व्यवस्था के खिलाफ सडक़ पर उतरकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पार्षद का समर्थन किया।
अब सिर्फ आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए
पार्षद ने साफ कहा कि रहवासियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त कर सडक़ पर जमा पानी की समस्या का स्थायी समाधान करना होगा, तभी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सकेगी। इधर वरिष्ठ अफसरो तक बात पहुंची तो उन्होंने मामले पर संज्ञान लिया, और बोले की जल्द ही सुधार कराया जाएगा।
