नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने विवादों के त्वरित समाधान के लिए आईसीएआई अंतर्राष्ट्रीय एडीआर केंद्र (आईआईएसी) की स्थापना की घोषणा की है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार शाम यहाँ उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) भारत में कोई बाहर से आयी हुई सोच नहीं है, भारतीय सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। आईसीएआई अंतर्राष्ट्रीय एडीआर केंद्र की शुरुआत के रूप में हम देश को त्वरित, न्यायपूर्ण और कम खर्चीले विवाद समाधान के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
आईसीएआई के अध्यक्ष चरणजोत सिंह नंदा ने कहा कि मौजूदा उभरती कारोबारी पारिस्थितिकी में प्रभावी विवाद समाधान कोई प्रक्रियात्मक औपचारिकता नहीं है, यह एक रणनीतिक आवश्यकता है और आईआईएसी का लक्ष्य विश्वसनीयता और दक्षता के साथ इन आवश्यकताओं की पूर्ति करना है।

