जबलपुर। अर्थ बिल्डर और डेवलपर्स प्रो. नीरज ललित प्रताप सिंह को बरगी पुलिस तीन दिन की रिमांड में लेकर बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। इस दौरान पुलिस ने जब सवालों की बौछारें की तो चिटलर बिल्डर कभी चुप्पी साधे रहा तो कभी गुमराह करते हुए गोलमोल जवाब देता रहा। बरगी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि बिल्डर से फर्जीवाड़े से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त करने के साथ मामले की जांच जारी है। आज उसे घटना स्थल ग्रीन वैली समेत अन्य स्थानों पर ले जाया जायेगा जहां मामले की जांच पड़ताल होगी।
अर्थ बिल्डर और डेवलपर्स प्रो. नीरज ललित प्रताप सिंह ने बरगी थाना अंतर्गत ग्राम जोगीढाना और हर्रई में सस्ते प्लॉट का सपना दिखाकर ग्रीन वैली प्रोजेक्ट बरगी क्षेत्र में शुरू किया था। ग्राम जोगीढाना स्थित फार्म लैंण्डर को विकसित करने का वादा किया गया था, निवेशकों के साथ इकरारनामा करके राशि जमा की गई थी, रजिस्ट्री करने का वचन दिया गया था किन्तु आज दिनांक तक बिल्डर नीरज ललित सिंह पिता ललित प्रताप सिंह निवासी संजीवनी नगर द्वारा प्लाटों की रजिस्ट्री निवेशकों के पक्ष में नहीं की गई। मूलभूत सुविधाओं से लेकर ढेरो सुविधाओं का वादा करने के साथ आम जनो को प्रलोभित एवं गुमराह करने के उद्देश्य से फर्जी ले-आउट तैयार करने के साथ के्रताओं एवं अनुबंधकर्ताओं से धोखाधड़ी की है। क्रेताओंं, अनुबंधकर्ताओं एवं निवेशकों से जालसाजी कर एक करोड ग्यारह लाख ग्यारह हजार तीन सौ बीस रूपये की धोखाधड़ी की है।
