स्वामित्व योजना और फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बरतने वाले दो पटवारी निलंबित

सतना : जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में जिला कलेक्टर एवं भू-संसाधन प्रबंधन द्वारा दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई 4 अक्टूबर को जारी अलग-अलग आदेशों के तहत की गई है.

स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख प्राप्त हितग्राहियों की भूमि के स्वत्व को विधिक स्थायित्व प्रदान करने के लिए पंजीयन कराया जाना था और साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी किया जाना था. इस योजनाबद्ध कार्य के लिए संबंधित क्षेत्र के पटवारी और तहसीलदार को अधिकृत किया गया था. तहसील रघुराजनगर और तहसील नागौद की समीक्षा एवं पोर्टल के अवलोकन में यह पाया गया कि हल्का पतौड़ा तहसील रघुराजनगर के पटवारी रामकृष्णा शर्मा और हल्का बचबई तहसील नागौद के पटवारी संजीव शिवहरे द्वारा शासन की इस अति-महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया को प्रारंभ ही नहीं किया गया है.

इसके अतिरिक्त दोनों पटवारियों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य में प्रदर्शन अत्यंत निराशाजनक पाया गया है. इनके हल्कों में जन-शिकायतों की पर्याप्त पाई गई है और इनके समयबद्ध एवं उचित समाधान में इनके द्वारा कोई रुचि नहीं ली जा रही है.

जिला कलेक्टर द्वारा दोनों पटवारियों को निलंबित किए जाने के बाद निलंबन अवधि में रामकृष्णा शर्मा का मुख्यालय कार्यालय तहसील रघुराजनगर और संजीव शिवहरे का मुख्यालय कार्यालय तहसील नागौद नियत किया गया है. इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी बशर्ते वे इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें कि वे इस अवधि में किसी अन्य नियोजन व्यवसाय या वृत्ति में संलग्न नहीं हैं.

Next Post

जिला मुख्यालय से पांचों विधानसभा की निकली सेवा ज्योति यात्रा

Thu Oct 8 , 2026
सतना, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री के राष्ट्र सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति संकल्प दिवस मनाया गया। सतना जिले में सेवा ज्योति संकल्प और विकसित भारत संकल्प सभा का मुख्य समारोह बीटीआई ग्राउण्ड सतना में आयोजित […]

You May Like