जशपुर/रायपुर,06 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में ध्वजारोहण और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित अपने निवास में पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित दल है, जो राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच सक्रिय रहें और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करें।
इसी कड़ी में रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी मुख्यमंत्री साय ने ध्वजारोहण किया और पार्टी के पितृ पुरुषों को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा आज कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम और त्याग के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और विकास की गति का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार द्वारा नक्सलवाद के समापन और तेज विकास का संकल्प दोहराया।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जगदलपुर जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता निष्ठा और परिश्रम का प्रतीक है, जिसके कारण पार्टी लगातार मजबूत होती जा रही है। प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ स्थापना दिवस को सेवा और समर्पण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुनील गुप्ता, ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।पूरे प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का माहौल देखने को मिला।
