
इंदौर. चोरी की बाइक बेचने की फिराक में एमआर-10 ब्रिज के नीचे खड़े 19 वर्षीय युवक को हीरानगर पुलिस ने पकड़ लिया. उसके पास मिली बाइक हीरानगर क्षेत्र से चोरी की निकली. पूछताछ आगे बढ़ी तो युवक ने हीरानगर की दो अन्य बाइक के साथ कनाड़िया और खजराना क्षेत्र से एक-एक बाइक चोरी करना कबूल किया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपए है.
5 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एमआर-10 ब्रिज के नीचे काले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए खड़ा है. पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो युवक भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसके पास मिली होंडा साइन बाइक के संबंध में जांच की गई तो वह हीरानगर थाने में दर्ज चोरी के मामले में चोरी गई होना सामने आया. पकड़े गए युवक की पहचान साहिल पंडित उर्फ बच्चा उम्र 19 साल निवासी कालका माता मंदिर पुलिया के पास, मालवा मिल के रूप में हुई. पूछताछ में उसने हीरानगर थाने के दो अन्य मामलों के अलावा कनाड़िया और खजराना क्षेत्र से भी बाइक चोरी करना बताया.
आरोपी की निशानदेही पर ये वाहन किए गए बरामद
पुलिस ने उसके कब्जे से एमपी 09 एक्सजी 6809 होंडा साइन, एमपी 09 वीएफ 5519 होंडा साइन, जेओजे 38 एके 2478 होंडा साइन और एमपी 09 एनजेड 9934 हीरो डीलक्स समेत पांच वाहन बरामद किए हैं. आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे चोरी के अन्य वाहनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. हीरानगर थाना प्रभारी कमलकिशोर ने बताया कि आरोपी से बरामद पांचों दोपहिया वाहन चोरी के अलग अलग मामलों से जुड़े हैं. रिमांड के दौरान उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
