
जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जबलपुर रेल मंडल ने वर्ष 2026 में सभी 704 एलएचबी कोचों में संशोधित स्टिफ़नर प्लेट लगाने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। आरडीएसओ के दिशा-निर्देशों के तहत किए गए इस तकनीकी सुधार से एलएचबी कोचों के अंडरफ्रेम की संरचनात्मक मजबूती बढ़ेगी। साथ ही कोचों की विश्वसनीयता बेहतर होने के साथ ट्रेन पार्टिंग जैसी गंभीर घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी। यह कार्य प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता, पश्चिम मध्य रेलवे और मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर के मार्गदर्शन में यांत्रिक विभाग ने निर्धारित समयावधि में पूरा किया।
मंडल के सभी 704 कोचों में संशोधित स्टिफ़नर प्लेट का कार्य पूरा होना सुरक्षा-केंद्रित अनुरक्षण व्यवस्था और तकनीकी दक्षता का परिचायक है। आधुनिक अनुरक्षण तकनीकों तथा आरडीएसओ के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए गए इस संशोधन से रेल संचालन की संरक्षा और मजबूत होगी। जबलपुर मंडल द्वारा कोचों के अनुरक्षण में आवश्यक तकनीकी सुधारों और सुरक्षा संशोधनों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
