
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर छापर में एक 88 वर्षीय लाचार बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखे गए केयरटेकर ने केवल साफ-सफाई की बात पर नाराज होकर बुजुर्ग को लात-घूंसों से पीटा। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर छापर गुरुद्वारा रोड, राठौड़ किराना के पास निवासी अमिता नामदेव (26) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके नाना हेमराज सिंह (88) का स्वास्थ्य काफी समय से खराब चल रहा है। वे घर की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। बुजुर्ग नाना की देखरेख और साफ-सफाई के लिए करीब 4-5 महीने पहले राजू वाल्मीक को केयरटेकर के तौर पर रखा गया था, जिसे प्रतिदिन 600 रुपये का भुगतान किया जा रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे बुजुर्ग हेमराज सिंह ने राजू से कमरे की साफ-सफाई करने को कहा। इतनी सी बात पर आरोपी राजू गुस्से से तमतमा उठा और बुजुर्ग से मारपीट शुरू कर दी। कमरे से चीख-पुकार सुनकर जब एलएलबी की छात्रा नातिन अमिता दौडक़र ऊपर पहुँची, तो अंदर का नजारा देख दंग रह गई। आरोपी राजू वाल्मीक बुजुर्ग को बुरी तरह पीट रहा था और चिल्ला रहा था आज तो छोड़ दिया, अगली बार मौका मिला तो जान से खत्म कर दूंगा। अमिता के विरोध करने और डांटने पर आरोपी वहाँ से भाग निकला। नातिन ने तुरंत नीचे आकर अपनी माँ मधु और पिता को इस खौफनाक घटना की जानकारी दी। बुजुर्ग की तबीयत अधिक बिगडऩे पर परिजनों ने उन्हें तुरंत सेंट्रल रेलवे हॉस्पिटल, इंदिरा मार्केट में भर्ती कराया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। गोरखपुर पुलिस ने पीडि़ता अमिता नामदेव के बयानों के आधार पर आरोपी राजू वाल्मीक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
