इंदौर: मांगलिया बायपास स्थित पुमार्थ सेरेनिटी टाउनशिप में सोमवार शाम कचरा कलेक्शन वाहन की चपेट में आने से 10 साल की बच्ची गंभीर घायल हो गई. हादसे में वाहन का अगला पहिया बच्ची के ऊपर से निकल गया. परिजन उसे गंभीर हालत में बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मांगलिया चौकी पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कचरा वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
घटना सोमवार शाम की है, मुंडला बाग स्थित पुमार्थ सेरेनिटी टाउनशिप में कचरा कलेक्शन के लिए वाहन पहुंचा था.
इसी दौरान बच्ची वाहन की चपेट में आ गई. सीसीटीवी फुटेज में वाहन बच्ची को चपेट में लेने के बाद आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है और उसका अगला पहिया बच्ची के ऊपर से निकल गया. हादसे के बाद टाउनशिप में अफरा-तफरी मच गई. परिजन तत्काल बच्ची को बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। गंभीर चोटों के चलते उसे आईसीयू में भर्ती किया है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बताई गई है. घटना की जानकारी मिलने पर मांगलिया चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जुटाने के साथ परिजनों के बयान लिए. शिकायत और उपलब्ध फुटेज के आधार पर कचरा वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जीवन संकट में डालने संबंधी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
हादसे की जांच की जा रही हैः डीएसपी
डीएसपी देहात सोनू डाबर ने बताया कि कचरा वाहन की चपेट में आने से बच्ची घायल हुई है. मामले में परिजनों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
