सीहोर: थाना कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर चोर सक्रिय हो गए हैं. बीते दिनों चैन स्नैचिंग के मामले में आरोपी को पकडऩे में कामयाब पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने बीती रात चाणक्यपुरी क्षेत्र के एक सूने मकान में वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजे का ताला नहीं टूटने के कारण वह अपने मंसूबों को पूरा नहीं कर सके. सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार छिंदवाड़ा निवासी अंकुर देशमुख शहर के नजदीक इंडस्ट्रियल क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं.
अंकुर अपनी पत्नी अंजली के साथ इन दिनों गुजरात गए हुए थे. उनके मकान मालिक भी शहर से बाहर होने के कारण मकान में ताला लगा हुआ था. बीती रात मकान को सूना देख चोरों ने वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया. उन्होंने लोहे के सरिए की मदद से एकाध ताला तो चटकाया, लेकिन मेन गेट का ताला तोडऩे में उन्हें नाकामी ही मिली. आखिरकार वारदात को अंजाम दिए बिना उन्हें लौटना पड़ा. मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने जब देखा तो अंकुर को सूचित किया. पुलिस को भी सूचना दी गई. अंकुर के लौटने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की वारदात हुई या नहीं.
