जबलपुर:सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए पश्चिम मध्य रेल ने गाड़ी संख्या 01711/01712 मकरोनिया-मुरैना-मकरोनिया अनारक्षित स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ा दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए अब यह ट्रेन 14 अक्टूबर तक अपने निर्धारित समय, ठहराव और कोच संयोजन के अनुसार संचालित होगी। इससे भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के साथ सामान्य यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
दोनों दिशाओं में बढ़े फेरे
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01711 मकरोनिया-मुरैना अनारक्षित स्पेशल का संचालन अब 9 से 14 अक्टूबर तक किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 01712 मुरैना-मकरोनिया अनारक्षित स्पेशल 10 से 14 अक्टूबर तक चलेगी। अतिरिक्त फेरों से भर्ती रैली के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी और अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
