ग्वालियर: एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण में रानी लक्ष्मीबाई समाधि से गुरुद्वारे के बीच पिलर खड़े कर दिए गए हैं। इन पिलरों पर अब रोड के स्लैब डाले जाने हैं। इसके लिए फूलबाग की मुख्य सड़क को बंद करने की आवश्यकता बताई गई है। सेतू संभाग पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए एक महीने का ब्लॉक मांगा है। प्रस्ताव के अनुसार सड़क को पूर्णतः बंद कर यातायात को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
फूलबाग सड़क मुरार, लश्कर, उपनगर ग्वालियर, सिटी सेंटर और गोला का मंदिर क्षेत्र को जोड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि सड़क पूरी तरह बंद की जाती है, तो यातायात व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है। पुलिस के पास फिलहाल मोती महल मार्ग का ही विकल्प है, लेकिन यह मार्ग इतने अधिक वाहनों का दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के अंतिम चरण में पुलिस ने फूलबाग ब्लॉक को लेकर स्थिति स्पष्ट की। इस पर सांसद, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने एक स्वर में कहा कि यदि सड़क को पूरी तरह बंद किया गया, तो शहर में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि कार्य रात में कराया जाए। इसके साथ ही दिन के समय रेलवे की तरह सीमित समय के लिए ब्लॉक देने का विकल्प भी अपनाया जाए।
