
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर 7 अक्टूबर को प्रदेश भर की तरह जबलपुर जिले की आठों विधानसभा क्षेत्र में भी सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जायेगी। सेवा ज्योति कलश यात्राओं को बुधवारकी सुबह 8.30 बजे सिविक सेंटर स्थित वंदेमातरम चौक से रवाना किया जायेगा। इस अवसर पर यहां एक वृहद और भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने मंगलवार की दोपहर वंदे मातरम चौक पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं सेवा ज्योति यात्रा के पार्टी प्रभारी डॉ. सुधांशु गुप्ता भी मौजूद थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव उद्बोधन का प्रसारण भी किया जाएगा। प्रधानमंत्रीमोदी के संबोधन के पश्चात सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ होगा।
