मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से चीता संरक्षण को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। 32 महीने की मादा चीता KJ21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इन नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें 41 चीते भारत में ही जन्मे हैं।
नए शावकों का जन्म भारत के चीता पुनर्स्थापना अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इनके पिता बोत्सवाना से भारत लाए गए नर चीता हैं, जिससे देश की चीता आबादी में एक नई आनुवंशिक वंशावली भी जुड़ी है। कूनो में लगातार बढ़ती चीता आबादी को वैज्ञानिक प्रबंधन, नियमित निगरानी और संरक्षण टीम के प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
