इंदौर: बच्चों को यातायात नियमों की सीख देने के लिए यातायात पुलिस ने इस बार सीधे उनके माता-पिता को निशाना बनाया. चाणक्यपुरी चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में चले 10 दिवसीय अभियान के दौरान दोपहिया पर माता-पिता के साथ बैठे बच्चों को सड़क सुरक्षा संदेश वाले स्टिकर और चॉकलेट बांटे गए. अभिभावकों से कहा गया कि बच्चे बड़ों की आदतों से सीखते हैं, इसलिए वाहन चलाते समय खुद हेलमेट पहनेंगे तो बच्चों में भी नियम पालन की आदत बनेगी.
अभियान में वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति और अन्य यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई. निरीक्षक सोनाली मौर्य, एसआई पीएस नागर और यातायात प्रहरी श्यामसुंदर बिहानी की टीम ने लोगों से बच्चों के सामने यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. डीसीपी यातायात राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को सड़क सुरक्षा से जोड़कर उनके जरिए परिवारों तक यातायात नियमों का संदेश पहुंचाना रहा.
