बेरूत, 05 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) यमन के उत्तरी हिस्से पर शासन करने वाले ‘अंसार अल्लाह’ आंदोलन (जिसे हूती भी कहा जाता है) ने सऊदी अरब पर आरोप लगाया है कि उसने पिछले 24 घंटों में उनके इलाके में 106 हवाई हमले किए हैं।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने रविवार को टेलीग्राम पर लिखा, “पिछले 24 घंटों में, सऊदी लड़ाकू विमानों ने राजधानी सना और अल-जौफ़, ताइज़, अमरान, हज्जा और सादा प्रांतों में आम नागरिकों के ठिकानों पर 106 हवाई और मिसाइल हमले किए हैं।”
सरी ने आगे कहा कि एफ -15 और टाइफून लड़ाकू विमानों ने यमन के उन इलाकों पर हमले किए जो हूतियों के नियंत्रण में हैं।
इससे पहले रविवार को यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार की सेनाओं ने उन इलाकों को वापस पाने के लिए एक सैन्य अभियान की घोषणा की जो अभी सरकार के नियंत्रण से बाहर हैं।
