एक व्यक्ति की विमान को अगवा करने की कोशिश हो सकती है फ्लाईदुबई की घटना: रिपोर्ट

तेल अवीव, 04 अक्टूबर (वार्ता) दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित तौर पर अगवा करने की कोशिश संभवत: अकेले व्यक्ति की ओर से की गयी थी।

सीबीएस न्यूज ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में रविवार को यह जानकारी दी। यह बात इजरायल की शुरुआती जांच में सामने आई है। सूत्रों ने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल इस घटना में किसी तीसरे पक्ष की संलिप्तता की संभावना नहीं है।

यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब विमान इजरायल पहुंचने वाला था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, यात्रियों और विमान के कप्तान के अनुसार, सह-पायलट अल हमामी ने कथित तौर पर कप्तान पर चाकू से हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की।

कप्तान ने सह-पायलट को कुछ समय तक रोकने में सफलता हासिल की, जिससे वह कॉकपिट का दरवाजा खोल सके। इसके बाद इजराइली यात्रियों और फ्लाईदुबई के कर्मचारियों ने संदिग्ध व्यक्ति को काबू में कर लिया, जबकि विमान में सवार ड्यूटी से बाहर के दो पायलटों ने विमान को नियंत्रण में लिया और सऊदी अरब के ताबुक में आपातकालीन लैंडिंग करायी।

अल हमामी अब संयुक्त अरब अमीरात में है, जहां उससे दूसरे दौर की पूछताछ की जा रही है। आपातकालीन लैंडिंग के बाद सऊदी अधिकारियों ने उससे शुरुआती पूछताछ की थी। इजरायल ने जांच में शामिल होने के लिए अपने प्रतिनिधियों को संयुक्त अरब अमीरात भेजा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा, “मैं जो सुन रहा हूं, उसके आधार पर सह-पायलट के ईरान से संबंध हो सकते हैं।” उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं और वे अमेरिका के सम्पर्क में हैं।

अल हमामी ओमान का नागरिक है और इससे पहले ओमान एयर में काम करता था, जहां उसने पायलट का प्रशिक्षण लिया था। सूत्रों ने बताया कि ओमानी अधिकारियों ने निगरानी के दौरान पाया कि वह कट्टरपंथी वेबसाइटों पर जा रहा था, जिसके बाद ओमान एयर ने उसे कार्यालय के काम में लगा दिया था।

एक सूत्र ने बताया कि डेस्क ड्यूटी पर भेजे जाने के बाद अल हमामी ने इस्तीफा दे दिया और करीब 2024 में एयरलाइन छोड़ दी।

सूत्रों ने बताया कि अल हमामी ने एक समय ऐसा वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें दुबई में एल अल के विमान दिखाए गए थे और वीडियो के अंत में अल कायदा के पूर्व नेता अयमान अल-जवाहिरी की तस्वीर दिखाई गयी थी। अल-जवाहिरी की 2022 में अमेरिका के ड्रोन हमले में मौत हो गयी थी।

इसके बाद अल हमामी दुबई चला गया, जहां उसे फ्लाईदुबई में नौकरी मिल गई। सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन ने ओमान सरकार के साथ उसकी पृष्ठभूमि की जांच नहीं की थी।

सूत्रों के अनुसार, अल हमामी का जन्म ओमान में नहीं हुआ था और उसने अपने जीवन का अधिकांश समय देश से बाहर बिताया था। उन्होंने बताया कि उसकी मां सीरियाई और पिता ओमानी हैं। ओमान सरकार ने सार्वजनिक रूप से उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं की है।

सूत्रों ने कहा कि उसके पास दोहरी नागरिकता हो सकती है, जिससे संभवत: यह समझा जा सकता है कि उसे इजरायल की यात्रा करने की अनुमति कैसे मिली।

Next Post

उत्तर कोरिया ने मध्यम दूरी की मिसाइल का किया सफल परीक्षण

Sun Oct 4 , 2026
प्योंगयांग, 04 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर कोरिया ने रविवार को मध्यम दूरी की एक रणनीतिक मिसाइल के परीक्षण की घोषणा करते हुए दावा किया कि इस हथियार ने कम ऊंचाई पर अपने उड़ान पथ को बदलकर दक्षिण कोरिया और जापान के रक्षा तंत्र को चकमा दिया। उत्तर कोरिया के नेता किम […]

You May Like