
नीमच। राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा में नीमच जिले ने उपस्थिति के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। जिले के तीनों विकासखंडों में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 98.20 प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसे जिले में अब तक की सर्वाधिक उपस्थिति बताया जा रहा है।
कक्षा 8 के शासकीय विद्यालयों से जिले में कुल 3170 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया था। इनमें से 3113 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 57 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। पिछले वर्ष एनएमएमएस परीक्षा में जिले की उपस्थिति 96.95 प्रतिशत थी। इस वर्ष इसमें 1.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और उपस्थिति 98.20 प्रतिशत पहुंच गई।
विद्यार्थियों की तैयारी और टीमवर्क का परिणाम
शिक्षा विभाग के अनुसार परीक्षा में बेहतर उपस्थिति विद्यार्थियों की तैयारी और विभागीय टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। तीनों विकासखंडों के बीआरसीसी, बीएसी, जनशिक्षक, संस्था प्रधान, जेएसके स्तर के नोडल अधिकारी और विद्यालयों के एनएमएमएस प्रभारियों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभाग का प्रयास रहा कि परीक्षा के लिए पंजीकृत प्रत्येक विद्यार्थी पर्याप्त तैयारी के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ नियमित रूप से प्रोत्साहित किया गया।
शिक्षा विभाग ने टीम को दी बधाई
शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा की तैयारी और बेहतर उपस्थिति के लिए सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की गई। विभाग का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के परिणामों में एनएमएमएस जैसी प्रतियोगी छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस वर्ष जिले में 98.20 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति को शिक्षा विभाग ने उपलब्धि और गर्व का विषय बताया। विभाग ने इस सफलता के लिए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
